मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप: ई-रिक्शा चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के जाफरगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी अब्दुल वहीद पुत्र अब्दुल हमीद ने थाना जाफरगंज में दी गई तहरीर में मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद वह ई-रिक्शा से गढ़ी गांव से सवारियां लेकर कस्बा जाफरगंज गया था। सवारियां उतारने के बाद जब वह पुनः गढ़ी जाने के लिए सवारियां भर रहा था, उसी दौरान पूती बाजपेई पुत्र केदारनाथ निवासी कस्बा जाफरगंज वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने लाठी और बेल्ट से पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

