बंद पड़े पिज़्ज़ा हब में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक घंटे तक मचा हड़कंप जलकर गिरी, गैस सिलेंडर सुरक्षित रहने से टला बड़ा हादसा
सुरेश पटेल बिंदकी फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के बिंदकी कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ललौली रोड स्थित एक बंद पड़े पिज़्ज़ा हब में अचानक आग लग गई। आग लगते ही दुकान के अंदर से घना धुआं उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना ललौली रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के ठीक सामने स्थित रॉयल पिज़्ज़ा हब की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम लगभग 4:30 बजे अचानक दुकान के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि दुकान के अंदर क्या हो रहा है, लेकिन धुएं की मात्रा बढ़ने पर लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि यह पिज़्ज़ा हब बीते तीन दिनों से बंद था। सूचना मिलने पर पिज़्ज़ा हब से जुड़े एक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और दुकान का ताला खोला। जैसे ही ताला खुला, अंदर से तेज धुआं और जले हुए बिजली के तारों की तीखी बदबू बाहर आने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोग और भी घबरा गए।
सूचना पर 112 नंबर पुलिस, कोतवाली बिंदकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग और धुएं पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
दुकान के अंदर का नजारा काफी भयावह था। आग की चपेट में आकर बिजली के तार पूरी तरह जल चुके थे, वहीं दुकान में लगी एलसीडी पिघलकर नीचे गिर गई थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से हजारों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से नुकसान को और बढ़ने से रोक लिया गया।
आग की सूचना मिलते ही पिज़्ज़ा हब के ऊपर रहने वाले लोगों को एहतियातन बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि न हो। स्थानीय लोगों ने बताया कि धुएं के कारण कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
राहत की बात यह रही कि दुकान के अंदर रखे गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आए। यदि आग सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास के कई मकान इसकी जद में आ सकते थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
फिलहाल आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, अन्यथा स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

