दुस्साहसिक चोरी, लाखों की नकदी व 15 लाख के गहने ले उड़े चोर
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कीर्तिखेड़ा गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह चौहान के आवास को निशाना बनाते हुए चोरों ने एक लाख रुपये की नकदी सहित करीब 15 लाख रुपये मूल्य के बहुमूल्य सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।जानकारी के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि चोर घर के पीछे स्थित बगीचे की बाउंड्री फांदकर भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, चेन सहित अन्य कीमती जेवरात समेट लिए।घटना के दौरान घर में मौजूद भांजे श्रेय सिंह को आहट सुनाई दी। उसने तत्काल अपने मामा सुभाष सिंह चौहान को जानकारी दी। शोर मचने पर चोर पीछे की खिड़की खोलकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बृजमोहन राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।इस दुस्साहसिक चोरी की घटना से गांव में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी से साफ है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द खुलासे और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

