खजुहा की शिफा ने रचा इतिहास, वीरगाथा प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर चयन
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के विकास खंड खजुहा अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय हाफिजपुर हरकरन की होनहार छात्रा शिफा ने अपनी प्रतिभा का परचम पूरे देश में लहरा दिया है। भारत सरकार द्वारा आयोजित वीरगाथा प्रोजेक्ट 5.0 प्रतियोगिता में शिफा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है, जिससे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से चयनित केवल 25 विद्यार्थियों में शिफा ने अपनी जगह बनाकर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शिफा को रक्षा मंत्रालय की ओर से ₹10,000 की नगद पुरस्कार राशि तथा राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण पत्र शिक्षा मंत्रालय एवं रक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।शिफा की इस ऐतिहासिक सफलता पर खंड शिक्षा अधिकारी पवन द्विवेदी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिफा की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे खजुहा विकास खंड और फतेहपुर जनपद के लिए गौरव का विषय बन गई है।शिफा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

