एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत, मौत से जूझ रही एक जिंदगी
सुरेश पटेल बिन्दकी फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के कल्यानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मंगलवार को इंसानियत को झकझोर देने वाला दर्दनाक हादसा हुआ। त्रिवेदी इंस्टिट्यूट के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सड़क पार कर रहे एक ही परिवार के लोगों को कुचल दिया। पल भर में खुशियां मातम में बदल गईं और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।हादसा इतना भयावह था कि कल्लो पत्नी चंद्रशेखर उम्र लगभग 50 वर्ष और राजकिशोर पुत्र मन्ना लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुरेश चंद्र पुत्र मन्ना लाल गंभीर रूप से घायल हो गए और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित परिवार के सात लोग बछरावां से लौटकर अपने गांव बकंधा जा रहे थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुरेश चंद्र को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, गांव में सन्नाटा और शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों में नेशनल हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम उठाए होते, तो शायद आज दो जिंदगियां यूं असमय नहीं बुझतीं फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

