
इंडियन रेडक्रास सोसाइटी ने ऋतुराज डिग्री कॉलेज में चलाया बहुआयामी जागरूकता अभियान
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के तत्वावधान में चेयरमैन फतेहपुर एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा ऋतुराज डिग्री कॉलेज में चल रहे 10 दिवसीय कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एक व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीपीआर प्रशिक्षण जागरूकता, जल संरक्षण, “सरिया हटाओ–लाल कपड़ा लगाओ” अभियान, नशामुक्ति एवं रक्तदान जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को जानकारी दी गई।डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सीपीआर (कार्डियक पल्मोनरी रिससिटेशन) के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि जब किसी व्यक्ति की अचानक हृदय गति रुक जाती है, तब समय पर सीपीआर देकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को सीपीआर देने के लिए 30 बार छाती पर दबाव और 2 बार मुंह से सांस देना आवश्यक है, यह प्रक्रिया तब तक अनवरत जारी रखनी चाहिए जब तक हृदय की धड़कन पुनः शुरू न हो जाए। वहीं एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 15 बार दबाव और 2 बार मुंह से सांस देने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।डॉ. अनुराग ने जल संरक्षण, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा से जुड़े “सरिया हटाओ–लाल कपड़ा लगाओ” अभियान तथा रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए सभी को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को जल संरक्षण जागरूकता निवेदन पत्रक वितरित किए गए।इस अवसर पर ट्रेनर रामसनेही वर्मा, अनीस अहमद सिद्दीकी तथा प्रमुख सहयोगी के रूप में चैतन्य कुमार, संयोजक दिव्यांग प्रकोष्ठ इंडियन रेडक्रास सोसाइटी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सराहना मिली और इसे समाजोपयोगी बताया गया।

