


पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह की भाभी व पूर्व प्रधान अनुसुइया सिंह की तेरहवीं में जुटीं प्रमुख हस्तियां
पप्पू हाशमी चीफ़ ब्यूरो फतेहपुर
जनपद फतेहपुर के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र अंतर्गत अल्लीपुर बहेरा गांव में बुधवार को पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुननी सिंह की भाभी एवं पूर्व प्रधान अनुसुइया सिंह की तेरहवीं संस्कार के अवसर पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों सहित दूर-दराज से आए लोगों ने सहभागिता की।
दिवंगत अनुसुइया सिंह की प्रतिमा पर उपस्थित जनों ने पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि अल्लीपुर बहेरा निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी एवं पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह की भाभी, पूर्व प्रधान अनुसुइया सिंह (65) का बीते 16 जनवरी, शुक्रवार को हृदय गति रुक जाने के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
अंतिम संस्कार एवं शुद्धि कार्यक्रम के पश्चात बुधवार को आयोजित तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इस अवसर पर ब्रह्म भोज का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण कर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से कामना की।
तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, हरिद्वार से आए आशीष गौतम सहित भारतीय जनता पार्टी के जिले एवं प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उनके निज निवास अल्लीपुर बहेरा में दोपहर दो बजे से प्रारंभ हुआ, जो देर रात्रि तक आगंतुकों के आने के क्रम में चलता रहा।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था की देखरेख कौशलेंद्र प्रताप सिंह के छोटे भाई, वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा की गई। उन्होंने आगंतुकों के स्वागत-सत्कार एवं ब्राह्मण भोजन की व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
इस अवसर पर परिवार की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों में अरुण प्रताप सिंह, अंशुमान सिंह, कुंवर आदित्य प्रताप सिंह, अमित प्रताप सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह, प्रधान गौरव सिंह, ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह, पप्पू सिंह, बउवा सहित अनेक रिश्तेदार व क्षेत्रीय लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान शोक और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित जनों ने दिवंगत अनुसुइया सिंह के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

