जंगली जानवरों और जंगली सूअरों का आतंक, फसलों और किसानों पर हमला; किसान दहशत में
रहीस उदीन ब्यूरो चीफ़ हमीरपुर
जनपद के मौदहा तहसील क्षेत्र के कम्हरिया गांव सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में जंगली सूअरों, वनरोज एवं नीलगायों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इन जंगली पशुओं के कारण किसानों की फसलें चौपट हो रही हैं, वहीं लोगों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि किसान भय के साए में जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जंगली जानवर आए दिन खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंगलवार की सुबह कम्हरिया गांव में एक किसान जब अपने खेत में खाद डाल रहा था, तभी अचानक एक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। किसी तरह आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसान की जान बचाई। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
किसानों का कहना है कि जंगली सूअर और नीलगाय दिन के साथ-साथ रात के समय भी खेतों में उत्पात मचा रहे हैं। फसल की सुरक्षा के लिए किसान रात-रात भर खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। बावजूद इसके, जंगली जानवरों के हमले से फसलों को बचा पाना मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है।
मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव का है, जहां किसान प्रशासन से जंगली जानवरों से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
http://जंगली जानवरों और जंगली सूअरों का आतंक, फसलों और किसानों पर हमला; किसान दहशत में

