अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, परचून की दुकानों से खुलेआम बिक रही शराब।
सुरेश पटेल बिन्दकी,फतेहपुर
जनपद का चांदपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरों और परचून की दुकानों से शराब बेचते हुए एक के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं,। (चैनल और समाचार लेखक वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है) जिससे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वायरल हो रहे वीडियो में जिस बेखौफ अंदाज़ में शराब बेची जा रही है, उससे यह साफ प्रतीत होता है कि थाना क्षेत्र के अधिकांश गांव इस अवैध धंधे की चपेट में आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक न लग पाने के कारण क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहा है। गांव-गांव में युवा और मजदूर वर्ग इस लत का शिकार होता जा रहा है, जिससे पारिवारिक कलह और सामाजिक असंतुलन भी बढ़ रहा है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में जहरीली शराब को गुप्त रूप से तैयार कर गांवों में सप्लाई किया जा रहा है, जो किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती है। इसके बावजूद आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई न के बराबर नजर आ रही है, जिससे अवैध शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि समय रहते इस काले धंधे पर अंकुश नहीं लगाया गया तो हालात और भयावह हो सकते हैं। दिन-प्रतिदिन पैर पसारता यह अवैध कारोबार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।इस संबंध में आबकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सभी वीडियो की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
http://अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, परचून की दुकानों से खुलेआम बिक रही शराब।

