
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
सुरेश पटेल बिन्दकी,फतेहपुर
जनपद के जाफरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में 32 वर्षीय युवक की जान चली गई। बिंदकी–ललौली मार्ग पर रावतपुर पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में घायल युवक की पहचान प्रदीप कुमार 32 वर्ष पुत्र राम प्रकाश, निवासी रावतपुर, थाना जाफरगंज, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।सूचना मिलते ही जाफरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिंदकी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।जैसे ही प्रदीप की मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे, पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। बताया जा रहा है कि प्रदीप परिवार का सहारा था, उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

