मौदहा की शानदार जीत, बुंदेलखंड के सबसे बड़े टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन
रईस उदीन ब्यूरो चीफ़ हमीरपुर
हमीरपुर देलखंड के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब जनपद में आयोजित बुंदेलखंड के सबसे बड़े टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट रॉयल क्रिकेट का भव्य समापन 18 जनवरी 2026 को हुआ। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदेश स्तरीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिस्पर्धा का मंच बना, बल्कि बुंदेलखंड की खेल संस्कृति, जोश और उत्साह का प्रतीक भी साबित हुआ।मुस्करा विकास खंड के कस्बे में स्थित मां कालिका मंदिर तालाब स्टेडियम में आयोजित इस रॉयल क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। 6 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट के हर मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया, वहीं हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला केजीएन उपरौस लाइन मौदहा और पनवाड़ी टीम के बीच 20–20 ओवर का रोमांचक मैच खेला गया। फाइनल मैच का उद्घाटन और टूर्नामेंट का समापन जिला पंचायत अध्यक्ष के कर कमलों द्वारा किया गया, जबकि समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संतराम राजपूत विशेष रूप से मौजूद रहे।फाइनल मैच में मौदहा टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पनवाड़ी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 145 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएन उपरौस लाइन मौदहा टीम ने आक्रामक और संतुलित खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 14वें ओवर में ही 147 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।मौदहा की जीत में अर्जुन और मुहम्मद फरदीन का अहम योगदान रहा, दोनों खिलाड़ियों ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए पनवाड़ी की गेंदबाजी को पूरी तरह दबाव में ला दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी पर दर्शक तालियां बजाने को मजबूर हो गए।मैच के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम केजीएन उपरौस लाइन मौदहा को विजेता ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता टीम पनवाड़ी को भी सम्मानित किया गया।इस भव्य फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मां कालिका मंदिर तालाब स्टेडियम में लगभग 50 हजार से अधिक दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र क्रिकेटमय हो उठा। आयोजन की सफलता ने यह साबित कर दिया कि बुंदेलखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।रॉयल क्रिकेट टूर्नामेंट का यह सफल आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि आने वाले समय में क्षेत्रीय स्तर पर और बड़े खेल आयोजनों की उम्मीद भी जगा गया।

