
बढ़ती चोरी की वारदातों से सनसनी, रातों-रात 12 लाख पर हाथ साफ।घर में घुसकर 2 लाख नकद व 10 लाख के जेवर ले उड़े चोर, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
सुरेश पटेल बिन्दकी,फतेहपुर
जनपद फतेहपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोरों ने घर के अंदर घुसकर 2 लाख रुपये की नकदी और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि यह वारदात गांव निवासी अमरपाल सिंह उर्फ धुनारे सिंह के घर में हुई। रात के सन्नाटे में चोरों ने बड़ी आसानी से घर में प्रवेश किया और अलमारियों व बक्सों को खंगालकर लाखों का माल समेट ले गए। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में पुलिस की सक्रिय गश्त होती तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।सूचना पर कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि चोरी की इस वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस बड़ी चोरी के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोग रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

