
खूनी तांडव: दोस्त की हत्या के बाद आरोपी ने भाभी-बहन को काटा, दो की मौत, एक जिंदगी-मौत से जूझ रही
पप्पू हाशमी हथगाम फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के थाना थरियांव क्षेत्र के हसवा गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में झोंक दिया। पहले एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त को मौत के घाट उतार दिया, फिर बौखलाकर घर पहुंचा और अपनी सगी भाभी व बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में भाभी की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बहन की हालत गंभीर बनी हुई है, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक फैजान पुत्र राजू (24 वर्ष) निवासी हसवा थाना थरियांव जनपद फतेहपुर की अपने पड़ोसी दिलदार पुत्र हसमत अली से गहरी दोस्ती थी। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज पढ़ने के बाद दोनों गांव के बाहर गए, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दिलदार ने धारदार हथियार से फैजान पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।इतना ही नहीं, दोस्त की हत्या के बाद आरोपी दिलदार बुरी तरह बौखला गया और खून से सना हथियार लेकर सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी सगी भाभी और सगी बहन पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल भाभी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि बहन की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना के बाद पूरे गांव में भारी तनाव फैल गया। लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं—आखिर दोस्त की हत्या के बाद आरोपी ने अपने ही घर की महिलाओं पर हमला क्यों किया?कहीं इसके पीछे प्रेम प्रसंग या कोई गहरा राज तो नहीं? अटकलों का बाजार गर्म है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, कई थानों की पुलिस फोर्स और भारी संख्या में सुरक्षाबल गांव में तैनात कर दिए गए हैं। गांव छावनी में तब्दील हो गया है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस गंभीर घटना को लेकर थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी हसवा को जमकर फटकार लगाई है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।फतेहपुर की यह खौफनाक वारदात कई सवाल छोड़ गई है क्या था हत्याओं के पीछे का असली कारण? सच जल्द सामने लाने की कोशिश में पुलिस जुटी हुई है।

