तेज़ रफ्तार का कहर, अज्ञात डीसीएम ने बाइक सवार को रौंदा, 500 मीटर तक घसीटती रही बाइक, धू-धू कर जली।
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर
जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। थाना बिंदकी निवासी 52 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश, कानपुर में एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम से लौटकर अपने घर बिंदकी जा रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे भयावह याद बन जाएगी।
जैसे ही सुरेंद्र कुमार पहुर बाईपास के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उनका पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद भी डीसीएम नहीं रुकी, बल्कि बाइक को घसीटते हुए करीब 500 मीटर तक ले गई। चिंगारियां उठीं और कुछ ही पलों में बाइक धू-धू कर जलने लगी।सड़क पर यह भयावह मंजर देख राहगीरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल सुरेंद्र कुमार को सड़क से उठाया और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।हादसे के बाद अज्ञात डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन और चालक की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की भयावह कीमत को उजागर करता है,जहां एक पल की गलती किसी के पूरे जीवन को अंधेरे में धकेल देती है।

