115 बच्चों के भविष्य से खिलवाड़! दो शिक्षकों के भरोसे चल रहा प्राथमिक विद्यालय, अभिभावकों में आक्रोश
पप्पू हाशमी हथगाम फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के ऐरायां विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर भादर में शिक्षकों की भारी कमी बच्चों की शिक्षा पर सीधा असर डाल रही है। विद्यालय में वर्तमान में मात्र एक अध्यापक और एक शिक्षामित्र के सहारे लगभग 115 बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।विद्यालय में छात्र संख्या अधिक होने के बावजूद शिक्षकों की संख्या बेहद कम है। दो शिक्षकों के लिए सभी कक्षाओं को संभालना संभव नहीं हो पा रहा, परिणामस्वरूप बच्चों की पढ़ाई अधर में लटकी हुई है। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद में सरकारी विद्यालय में नामांकन कराया था, लेकिन शिक्षकों की कमी से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि सरकार द्वारा शिक्षा के स्तर को सुधारने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति न होने से बच्चों का शैक्षिक विकास प्रभावित हो रहा है।शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामवासियों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर भादर में कम से कम पांच शिक्षकों की तत्काल तैनाती की जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है।

