साइकिल सवारों को बचाने में हुआ हादसा, ट्रक–ट्रैक्टर की भीषण टक्कर
सुरेश पटेल बिन्दकी फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के बिन्दकी ललौली मार्ग पर भवानीपुर चौराहे के समीप मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा उस समय टल गया, जब साइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक और सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सामने आए साइकिल सवारों को बचाने के लिए चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह भीषण दुर्घटना हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे लगे तीन विद्युत पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़े और ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।गनीमत रही कि इस भयावह हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। साइकिल सवार भी बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेते हुए यातायात व्यवस्था संभाली। घंटों की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर आवागमन सुचारू कराया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि भवानीपुर चौराहा पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। लोगों ने यहां गति नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि आगे कोई अनहोनी न हो।

