
सदर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह के दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 8 चोरी की बाइक बरामद
पप्पू हाशमी ब्यूरो चीफ़ फतेहपुर
जनपद फतेहपुर में सदर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक चोर गिरोह के दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई लोधीगंज क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सदर कोतवाली के कर्मठ एवं तेज-तर्रार प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय हमराही पुलिस बल के साथ गश्त पर लोधीगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अजगवा मोड़ पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों घबरा गए और मौके से भागने लगे।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्धों का पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें दबोच लिया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम मनदीप कुमार उर्फ गोलू रैदास पुत्र बचानी लाल, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी हरीरामपुर कैथौला तथा शिवम विश्वकर्मा पुत्र राकेश विश्वकर्मा, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम आले मऊ, थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर बताया।अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिन्हें कब्जे में लेकर कोतवाली लाया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।इसके बाद दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में लेकर जिला कारागार भेज दिया गया।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ फतेहपुर के अलावा कौशांबी, बांदा, हमीरपुर और रायबरेली जनपदों में भी चोरी व अन्य संगीन अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पूर्व में कई बार जेल जा चुके हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है।वहीं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने इस सफल अभियान को “गुड वर्क” मानते हुए प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय एवं उनकी टीम की खुले दिल से प्रशंसा की। एसपी ने टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और आगे भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।यह कार्रवाई जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

