
यूपी 112 में तैनात सिपाही ने पत्नी व मासूम पुत्री पर किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान पुत्री की मौत
शेखर सिद्दीकी जनपद बांदा में यूपी 112 में तैनात पीएसी के एक सिपाही द्वारा पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी और मासूम पुत्री पर किए गए हमले से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना में गंभीर रूप से घायल पुत्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाही का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सिपाही ने पत्नी और पुत्री पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान पुत्री को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।हमले के बाद आरोपी सिपाही फरार है। पुलिस को उसका मोबाइल फोन नदी किनारे मिला है, जिससे उसके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। इस आशंका के चलते पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा नदी व आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि कानून के रक्षक द्वारा इस तरह की वारदात बेहद निंदनीय है और आरोपी को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।
यूपी 112 में तैनात सिपाही ने पत्नी व मासूम पुत्री पर किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान पुत्री की मौत

