
मौदहा ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत एजेंडा बैठक सम्पन्न, योजनाओं की जानकारी के साथ जन समस्याओं पर हुई चर्चा
रईस उदीन ब्यूरो चीफ़ हमीरपुर
हमीरपुर जनपद के मौदहा विकास खंड में क्षेत्र पंचायत की एजेंडा बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रमुख सुशीला निषाद की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास परियोजना, ई-श्रम कार्ड, पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस की समस्याओं पर चर्चा करना तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता तक पहुंचाना रहा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख सुशीला निषाद ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा और क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना होगा।बैठक में उपयुक्त श्रम रोजगार राघवेंद्र सिंह एवं सहायक विकास अधिकारी अमर सिंह ने शिक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि एक लाख रुपये से कम मान्यता शुल्क वाले विद्यालयों में पढ़ने वाले पात्र परिवारों के बच्चों को शिक्षा शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान किए जाने का प्रावधान है, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी।पशुपालन विभाग के उपमुख्य चिकित्साधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि सामान्य व पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को पांच बकरियां एवं एक बकरा खरीदने पर ₹45,000 का अनुदान दिया जा रहा है, जबकि अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को इसी योजना के तहत ₹80,000 का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 20 भेड़ों पर ₹1,31,000 तथा नंदिनी गाय पर ₹80,000 का अनुदान सरकार द्वारा दिया जा रहा है।बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा एवं सुपरवाइजर नेहा शर्मा ने बताया कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ-साथ शून्य से तीन वर्ष एवं तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को पोषाहार एवं राशन वितरण की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनके पोषण स्तर में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।ई-श्रम कार्ड योजना की जानकारी देते हुए उपयुक्त श्रम रोजगार ने बताया कि मनरेगा श्रमिक एवं अन्य ऐसे श्रमिक जो वर्ष में कम से कम 60 दिन कहीं भी कार्य करते हैं, वे ई-श्रम कार्ड बनवा सकते हैं। इस कार्ड के माध्यम से जन्म से लेकर मृत्यु तक बीमा, बच्चों को साइकिल, छात्रवृत्ति सहित कई सरकारी लाभ मिलेंगे। ई-श्रम कार्ड किसी भी जनसेवा केंद्र पर मात्र ₹100 शुल्क देकर बनवाया जा सकता है।मनरेगा एपीओ रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मौदहा ब्लॉक में अब तक 5,94,658 मानव सृजन दिवस अर्जित किए गए हैं, जिसमें लगभग 25 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।बैठक के दौरान पूर्ति विभाग से संबंधित गंभीर शिकायतें भी सामने आईं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाया कि कुछ राशन दुकानों पर उपभोक्ताओं से निरमा, साबुन व चाय की पत्ती के नाम पर ₹100 वसूले जा रहे हैं, तभी राशन दिया जाता है। इस पर सदस्यों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। उपयुक्त मनरेगा ने आश्वासन दिया कि इस समस्या को जनपद स्तर पर उठाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।इसके अलावा नमामि गंगे एवं जल निगम के कर्मचारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की गई। उपयुक्त मनरेगा द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी किए जाने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख सुशीला निषाद ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं को गंभीरता से लें और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

