पत्नी-बेटी पर जानलेवा हमले के बाद सिपाही ने यमुना में लगाई छलांग, मासूम की मौत से मचा हड़कंप
शेखर सिद्दीकी
उत्तर प्रदेश के बांदा ज़िले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। मरका थाना क्षेत्र के मरका कस्बे में डायल-112 सेवा में तैनात सिपाही ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी सिपाही गौरव यादव मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, इसी बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया जब आरोपी सिपाही ने यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि गौरव यादव ने रामनगर कौहन/मरका स्थित यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर मरका थाना पुलिस के साथ-साथ उच्चाधिकारी पहुंचे और तत्काल NDRF को बुलाया गया। यमुना नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाही गौरव यादव मरका थाने में डायल-112 सेवा में तैनात था। पारिवारिक विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी और मासूम बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने तत्काल रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं महिला की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को कई गंभीर चोटें आई हैं।
क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे, इसी दौरान उसके यमुना नदी में कूदने की सूचना मिली। NDRF की टीम नदी में तलाश कर रही है और पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना ने एक बार फिर पुलिस कर्मियों के मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

