खून से दहल उठा फतेहपुर एक हफ्ते में पांच हत्याएं, कानून-व्यवस्था बेबस सदर में बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या बैग लेकर साथ गया युवक बना मौत की कड़ी?
शेखर सिद्दीकी
जनपद में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक हो रही निर्मम हत्याओं ने जिले को खौफ के साये में डाल दिया है। ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां बुधवार शाम 68 वर्षीय जयराम मानसिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक युवक जयराम मानसिंह को महर्षि विद्या मंदिर के समीप उनका बैग लेकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। लगभग एक घंटे तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव एक बाग में पड़ा मिला, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया।
गले पर धारदार वार, मौके पर ही मौत
प्रथम दृष्टया जयराम मानसिंह की हत्या धारदार हथियार से गले पर वार कर की गई है। हत्या का तरीका यह साफ इशारा करता है कि हमलावर हत्या के इरादे से ही आया था। न तो लूटपाट के स्पष्ट संकेत मिले और न ही संघर्ष के विशेष निशान, जिससे यह वारदात और भी रहस्यमयी बन गई है।
एक सप्ताह में पांचवां हत्याकांड
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह हत्या बीते एक सप्ताह में जिले की पांचवीं हत्या है।
असोथर थाना क्षेत्र में किसान की गला रेतकर हत्या
हसवा कस्बे में दोहरे हत्याकांड
मलवा थाना क्षेत्र में चेहरे और गले पर धारदार हमला
और अब सदर कोतवाली में बुजुर्ग की निर्मम हत्या
इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और खून का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और दबी जुबान में कह रहे हैं कि अब कोई भी सुरक्षित नहीं है। सवाल उठ रहा है कि जब सार्वजनिक स्थानों के आसपास इस तरह की हत्याएं हो रही हैं, तो आम नागरिक कैसे खुद को सुरक्षित महसूस करे।
एसपी के निर्देश पर पुलिस अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बारीकी से साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
सबसे बड़ा सवाल
क्या फतेहपुर में अपराधियों का खौफ यूं ही कायम रहेगा, या पुलिस इस खूनी सिलसिले पर लगाम लगाने में कामयाब होगी?
http://धारदार हथियार से युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिया के पास फेंका शव—दोआबा में दहशत का माहौल

