हथगांव में बिना डॉक्टर चल रहा अल्ट्रासाउंड सेंटर, जांच टीम व मीडिया से बदसलूकी; कार्रवाई न होने से स्वास्थ्य विभाग पर उठे गंभीर सवाल
पप्पू हाशमी हथगाम फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के हथगांव कस्बे में संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के समय केंद्र मालिक द्वारा स्वास्थ्य विभाग की टीम और मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों से बदसलूकी किए जाने का आरोप है, बावजूद इसके अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई न होने से तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।शिकायत के आधार पर दो दिन पूर्व की गई इस छापेमारी का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) ने किया। जांच में सामने आया कि कस्बे में संचालित संगीता राय अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना पंजीकृत डॉक्टर के चल रहा था। मौके पर डॉक्टर मौजूद नहीं मिले, इसके बावजूद अधिकारी औपचारिकताएं पूरी कर लौटते नजर आए।जांच के दौरान जब मीडिया कर्मियों ने सवाल पूछे तो सेंटर मालिक द्वारा अपमानजनक व्यवहार किया गया। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम मूकदर्शक बनी रही, जिससे विभागीय कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना डॉक्टर के अल्ट्रासाउंड किए जाने से मरीजों को सही जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे उनके उपचार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के नाम पर क्षेत्र के लोगों से हर महीने लाखों रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन हर बार अधिकारी आकर बिना कार्रवाई किए लौट जाते हैं।स्थानीय सूत्रों के अनुसार छापेमारी के समय अधिकारी केंद्र मालिक पर आक्रोशित नजर आए, लेकिन कुछ ही देर बाद उनका रुख बदला हुआ दिखाई दिया। जाते समय अधिकारियों के हावभाव और मुस्कान ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया।बताया जाता है कि सेंटर मालिक के पति बाबू सिंह यादव दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। जनता, मीडिया और अधिकारियों से अभद्रता के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी तरह की प्रभावी कार्रवाई न होने से उनका मनोबल बढ़ता हुआ दिख रहा है।फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी और कार्रवाई के अभाव ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

