
सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर
जनपद के विधानसभा सदर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मलाका निवासी युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मलाका निवासी धर्मेंद्र कुमार पाल का एक सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया। बताया गया कि धर्मेंद्र कुमार पाल किसी विशेष कार्य से अपने घर से गाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान चूरियानी क्षेत्र में उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा आगे की विधिक कार्रवाई की गई। मृतक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने पर अभिषेक प्रताप सिंह चौहान, प्रतिनिधि जिला पंचायत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं और पीड़ितों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर अभिषेक प्रताप सिंह चौहान ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मृतक के परिवार को नियमानुसार सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता, कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये, विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष, बाल सेवा योजना के अंतर्गत दो बच्चों को मिलाकर प्रतिवर्ष 60 हजार रुपये की सहायता तथा एक्सीडेंटल क्लेम का लाभ दिलाए जाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता प्राप्त हो सके। इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।

