शाह जमालुल औलिया एजुकेशनल मिशन में हर्षोल्लास से मना गणतंत्र दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर
जनपद फतेहपुर के विकासखंड अमौली अंतर्गत ग्राम नसेनिया स्थित शैक्षिक संस्थान शाह जमालुल औलिया एजुकेशनल मिशन (मदरसा) में गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और देशप्रेम से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह की शुरुआत सुबह ग्राम प्रधान पति द्वारा ध्वजारोहण के साथ की गई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंजा, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके पश्चात मदरसे के छात्र एवं छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, लघु नाटिकाएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने वतन पर कुर्बान होने वाले शहीदों की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने आज़ादी से पहले अंग्रेजों द्वारा किए गए जुल्मों-सितम का सजीव वर्णन करते हुए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों से अवगत कराया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मदरसे के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली गई। प्रभात फेरी में बच्चों ने पूरे गांव का भ्रमण कर देशभक्ति नारे लगाए और ग्रामीणों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। प्रभात फेरी में मदरसे के हाफिज़ व कारी यासीन राजा, प्रबंधक शेखर सिद्दीकी, इस्लाम, जुम्मन, जमील, आशिक, करण पटेल, मो. आसिफ, मो. अंसार, पीर गुलाम, रज्जाक, बल्लू शाह, रमजान, पूर्व प्रधान अवधेश अवस्थी सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं अभिभावक मौजूद रहे।
समारोह के अंत में प्रबंधक शेखर सिद्दीकी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा और ग्रामीणों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

