
रेलवे ट्रैक में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रेन की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत
पप्पू हाशमी फतेहपुर
फतेहपुर जनपद के थाना थरियांव क्षेत्र अंतर्गत रसूलाबाद रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। डाउन रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौके पर ही कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।यह हादसा रसूलाबाद रेलवे स्टेशन के डाउन रेलवे ट्रैक पिलर नंबर 932 के पास, एकारी पंचायत भवन के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं।

हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शरीर के क्षत-विक्षत हो गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।सूचना मिलने पर थाना थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों की पहचान शोभा देवी पत्नी राम भवन रैदास, उम्र करीब 38 वर्ष एवं श्याम काली पत्नी अर्जुन पासवान, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी ग्राम एकारी, थाना थरियांव, जनपद फतेहपुर के रूप में की है।परिजनों के अनुसार दोनों महिलाएं जंगल से लकड़ी बीनकर अपने घर लौट रही थीं, इसी दौरान यह हादसा हो गया। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की जानकारी मिलते ही हसवा चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास आवागमन को लेकर सुरक्षा सवाल खड़े कर दिए हैं।
http://रेलवे ट्रैक में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रेन की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत

