रफ्तार का कहर ओमनी कार की टक्कर से पति-पत्नी गंभीर घायल बिन्दकी,
फतेहपुर।जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की अनदेखी एक बार फिर गंभीर हादसे का कारण बन गई। गुरुवार की शाम करीब 5 बजे कुंवरपुर स्थित मिललकिन खेड़ा गांव के समीप कानपुर से बाइक द्वारा आ रहे प्रवीण कुमार 32 वर्ष पुत्र गुलाबचंद और उनके साथ बाइक पर सवार विभा देवी 30 वर्ष पत्नी प्रदीप कुमार, निवासी चकमदा कोतवाली बिंदकी, को एक तेज़ रफ्तार ओमनी कार ने जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओमनी कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी और हादसे के बाद मौके से हटने की कोशिश भी की।दुर्घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनमें हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस 108 को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज़ रफ्तार और यातायात नियमों की खुलेआम हो रही अनदेखी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाई जाए और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

