फतेहपुर में खून से लाल हुई धरती, सैकड़ों बीघा के मालिक जयराम मान सिंह की गला रेतकर नृशंस हत्या, इलाके में फैली दहशत
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर
जनपद फतेहपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब जिले के बड़े जमींदार और सैकड़ों बीघा जमीन के मालिक बताए जा रहे जयराम मान सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में दहशत का माहौल बन गया है।घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि कॉलोनी के पास की बताई जा रही है, जहां जयराम मान सिंह का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी सहित जिले के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को चारों ओर से घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या के पीछे जमीन विवाद, पुरानी रंजिश या आपसी दुश्मनी जैसे कई एंगल सामने आ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतक के परिजनों और नजदीकी लोगों से गहन पूछताछ कर रही है।दिनदहाड़े हुई इस हाईप्रोफाइल मर्डर ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा, वहीं इस जघन्य हत्या से पूरे जनपद में सनसनी फैली हुई है।

