पुण्यतिथि पर सेवा का संकल्प, कंबल पाकर खिल उठे जरूरतमंदों के चेहरे
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर
समाजसेवा को जीवन का उद्देश्य मानने वाले स्वर्गीय लखनलाल ओमर की आठवीं पुण्यतिथि पर मानवता और करुणा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। उनकी स्मृति में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम ने ठंड में ठिठुरते जरूरतमंदों को न सिर्फ राहत दी, बल्कि समाजसेवा की भावना को भी सशक्त संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी गोविंद बाबू टाटा द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुन्ना लाल सोनकर व बिन्दकी विधायक द्वारा स्वर्गीय लखनलाल ओमर को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।बिन्दकी नगर स्थित एक मैरेज लॉन में आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, उनके चेहरों पर मुस्कान और आंखों में संतोष साफ झलकने लगा। यह दृश्य समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण बना।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी गई। 6वीं एशियन योगासन चैंपियनशिप 2025 में देश का नाम रोशन करने वाली देवमई ब्लॉक के मिराई गांव की होनहार छात्रा नीतू सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं सोनी टीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में साढ़े बारह लाख रुपये की इनामी राशि जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली आस्था ओमर तथा उनकी मां को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि स्वर्गीय लखनलाल ओमर भले ही आज हमारे बीच न हों, लेकिन उनके सेवा और समर्पण के विचार आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।

