नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव का ऐतिहासिक स्वागत,कार्यकर्ता व पत्रकार सम्मान समारोह
सुरेश पटेल बिन्दकी फतेहपुर
फतेहपुर जनपद में खजुहा की पावन धरती उस समय साक्षी बनी जब नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में संगठन ने शहीदों को नमन कर जनसेवा और राष्ट्रहित का नया संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक बावन इमली शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर की गई, जहां जिलाध्यक्ष ने अमर शहीदों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीदों के सम्मान में उपस्थित कार्यकर्ताओं की आंखों में सम्मान और हृदय में गर्व साफ झलक रहा था।शहीद स्थल पर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। यह क्षण केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का भी था। यहीं से डीजे के साथ कार्यकर्ताओं का विशाल काफिला खजुहा के लिए रवाना हुआ, जो संगठन की ताकत और एकता का प्रतीक बना।इसके पश्चात शहीद जोधा सिंह अटैया सभागार, विकास खंड खजुहा में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर एवं चांदी का मुकुट धारण कराकर ऐतिहासिक स्वागत किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेन्द्र उत्तम एवं मंडल अध्यक्ष खजुहा रोहन श्रीवास्तव ने पार्टी के मंचासीन पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मौके पर उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं को भी माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पत्रकारों के सम्मान का यह दृश्य लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक बना।समारोह में श्याम लाल निषाद, रामभक्त वर्मा, पुष्पराज पटेल, दीपक वर्मा, मंडल अध्यक्ष अमौली संतोष गुप्ता, देवेंद्र श्रीवास्तव, मोना शुक्ला, सोमवती निषाद, सरोज निषाद, वरिष्ठ कार्यकर्ता व पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, समाजसेवी विमलेश पटेल, रोहित उत्तम, छोटू सिंह, रामविलास निषाद फौजी अवनीश पटेल उर्फ भूरा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की जोशीली उपस्थिति रही।कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शैलेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहीदों की धरती से यह संकल्प लिया कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा और शहीदों के बलिदान को कभी व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।

