
धारदार हथियार से युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिया के पास फेंका शव—दोआबा में दहशत का माहौल
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर
दोआबा क्षेत्र के जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच मंगलवार सुबह मलवा थाना क्षेत्र से एक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सराय शहजादा गांव के बाहर हरसिंहपुर रोड स्थित पुलिया के पास एक युवक का धारदार हथियार से निर्मम हत्या किया हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी सड़क किनारे पुलिया के पास खून से लथपथ शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। युवक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार के निशान थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है।ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर मलवा थाने को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया गया।पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद जिले के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।थाना प्रभारी राजकिशोर ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष प्रतीत हो रही है। हत्या की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।लगातार हो रही हत्याओं से दोआबा क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हत्याओं पर लगाम लगाने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की है।
http://धारदार हथियार से युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिया के पास फेंका शव—दोआबा में दहशत का माहौल

