
जीपीएल कप सीजन-19: के.जी.एन मौदहा ने सरकार 11 छतरपुर को 16 रनों से हराया
रईस उदीन ब्यूरो चीफ़ हमीरपुर
हमीरपुर जनपद के ए पी जे अब्दुल कलाम खेल मैदान, ग्राम गुसियारी में चल रहे जीपीएल कप सीजन-19 के चौथे मुकाबले में के.जी.एन मौदहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरकार 11 छतरपुर को 16 रनों से पराजित कर दिया। मैच में दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही और पूरे मुकाबले में रोमांच बना रहा।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी के.जी.एन मौदहा की टीम ने निर्धारित 14.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 119 रन बनाए। टीम की ओर से साहिल सिद्दीकी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। सरकार 11 छतरपुर के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाते हुए नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरकार 11 छतरपुर की टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रानू मिश्रा ने सर्वाधिक 27 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज के.जी.एन मौदहा के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के चलते के.जी.एन मौदहा ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।इस तरह के.जी.एन मौदहा ने यह मुकाबला 16 रनों से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। आज के मैच के मुख्य अतिथि राम प्रकाश प्रजापति रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मुहम्मद आमिर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मलकू मामू व घपलू भइया द्वारा प्रदान किया गया। मुकाबले के अंपायर सहगल खान और अमीर अहमद रहे। स्कोरर की जिम्मेदारी जावेद अहमद और तौसीफ खान ने निभाई। कमेंट्री सरदार खान और इनाम खान ने की, जबकि लाइव मैच का प्रसारण आमिर जमाल द्वारा किया गया।इस अवसर पर गांव के डॉ. मोहम्मद सिद्दिक खान, कदीर, गामा, सलीम, निहालुद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

