जयराज मानसिंह एडवोकेट हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, मैनेजर अंकित मिश्रा निकला हत्यारा
शेखर सिद्दीकी फतेहपुर
फतेहपुर में हुए हाई प्रोफाइल जयराज मानसिंह एडवोकेट हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में मृतक का मैनेजर अंकित मिश्रा ही हत्यारा निकला। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त अंकित मिश्रा यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। जमीन के लालच में उसने अपने ही मालिक जयराज मानसिंह एडवोकेट की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। यह हत्या महर्षि कॉलोनी के समीप अंजाम दी गई थी, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में फॉरेंसिक टीम, कई थानों की पुलिस फोर्स और तेजतर्रार कोतवाल तारकेश्वर राय की टीम को लगाया गया था। लगातार साक्ष्य संकलन, तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने अभियुक्त तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
उधर, अधिवक्ता जयराज मानसिंह की हत्या को लेकर जिलेभर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के खुलासे की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन जारी रखा। हालांकि पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर हत्या का खुलासा किए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ लिया है।
http://जयराज मानसिंह एडवोकेट हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, मैनेजर अंकित मिश्रा निकला हत्यारा
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने इस चुनौतीपूर्ण हत्याकांड के सफल अनावरण पर पूरी टीम की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

