घरेलू कलह के चलते ज़हरीला पदार्थ खाने से महिला की हालत गंभीर,
सुरेश पटेल बिन्दकी, फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र से गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे घर को झकझोर कर रख दिया। दरवेशा बाद गांव निवासी 37 वर्षीय प्रीति देवी, पत्नी प्रदीप कुमार, ने घरेलू विवाद से आहत होकर शाम करीब 4 बजे ज़हरीला पदार्थ खा लिया। ज़हर का असर होते ही प्रीति देवी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। जब परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने महिला से पूछताछ की। प्रीति देवी द्वारा ज़हरीला पदार्थ खाने की बात स्वीकार करते ही घर में कोहराम मच गया। घबराए परिजनों ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस 108 को सूचना दी और आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया।स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने काफी देर तक प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की हालत लगातार नाज़ुक बनी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के गंभीर और भयावह परिणामों की ओर इशारा करती है। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, वहीं परिजन सदमे में हैं और पूरे गांव में घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

