अरहर के खेत में किसान की गला रेतकर हत्या, शव मिलने से गांव में सनसनी पप्पू हाशमी हथगाम फतेहपुर जनपद के थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम टीकर में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर एक अरहर के खेत में 45 वर्षीय किसान का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया गला रेतकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसको देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त मृतक राम सुमेर उर्फ प्यार सिंह पुत्र शिव गोविंद सिंगलौर, निवासी ग्राम टीकर के रूप में की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार मृतक किसान राम सुमेर देर शाम घर से असोथर किसी काम से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, किंतु उसका कोई सुराग नहीं लग सका। रात भर बेचैनी में परिजन इंतजार करते रहे।सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो गांव के किनारे अरहर के खेत में खून से लथपथ शव पड़ा देख लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना असोथर पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस टीमों को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलन कर जांच पड़ताल की।दिनदहाड़े किसान की इस नृशंस हत्या ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

